राजकोट रेलवे पुलिस ने AI और फोटोशॉप की मदद से कथित तौर पर नकली रेल टिकट तैयार करने के मामले में दो यात्रियों और एक सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, सिक्योरिटी गार्ड ने दोनों यात्रियों के लिए टिकट बनाकर इसके बदले 2 हजार रुपये लिए थे.

मामला 16 अक्टूबर का है. सोनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस के राजकोट रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद वांकानेर स्टेशन पर टिकट निरीक्षक राजेनसिंह राजपूत ने दो यात्रियों की मोबाइल में दिखाई गई टिकटें जांचीं. टिकटों पर संदेह होने पर आगे की पड़ताल की गई, जिसमें दोनों टिकट कथित तौर पर नकली पाई गईं. इसके बाद यात्रियों को सुरेंद्रनगर RPF के हवाले किया गया और राजकोट रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए यात्रियों में 43 वर्षीय कन्हैया चौधरी और एक नाबालिग शामिल हैं. दोनों गोंडल के गुंदाला गांव में एक कारखाने में काम करते हैं. कन्हैया मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, जबकि नाबालिग उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है. दोनों अपने घर जाना चाहते थे और उन्होंने कारखाने में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने वाले मनमोहनसिंह से संपर्क किया था.

आरोप है कि मनमोहनसिंह ने AI और फोटोशॉप का इस्तेमाल करके दोनों के लिए नकली टिकट बनाई और 2 हजार रुपये लिए. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने इससे पहले भी किसी के लिए ऐसी टिकटें तैयार की थीं. मामले में आगे की जांच जारी है.