राजकोट के कालावड रोड स्थित सद्भावना बैल आश्रम में पिछले 15 से 20 दिनों के दौरान करीब 2,000 बैल पहुंचने का दावा किया गया है. कम बारिश और चारे की बढ़ती कीमतों के बीच खेती करने वाले किसान भी अपने पशुओं का खर्च नहीं उठा पा रहे हैं. आश्रम प्रबंधन के मुताबिक, परिसर में पहले करीब 1,500 बैल थे, जिनकी संख्या अब लगभग 3,500 हो गई है. जगह कम पड़ने के कारण 10 अक्टूबर तक नए बैल लेने पर अस्थायी रोक लगाई गई है.

आश्रम संचालक विजय डोबरिया के अनुसार, 20 किलो हरे चारे की कीमत पहले 60 रुपये थी, जो बढ़कर 140 रुपये हो गई है. दो बैलों के लिए रोजाना करीब 300 रुपये के भोजन की जरूरत पड़ती है. फसल खराब होने और घर में आय का साधन नहीं बचने से कई किसान अपने पशुओं को आश्रम में रखने के लिए ला रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देवभूमि द्वारका के लांबा गांव से आए एक किसान ने बैलों को बेचने के बजाय करीब 7,000 रुपये वाहन किराया देकर राजकोट पहुंचाया. किसान का कहना था कि बारिश और चारे की उपलब्धता सामान्य होने पर वह अपने बैल वापस ले जाएगा. आश्रम में बैल वापस लेने के लिए खेती से जुड़ा प्रमाण या ग्राम पंचायत अथवा सरपंच का दाखिला देना जरूरी बताया गया है, ताकि पशु गलत हाथों में न जाएं.

एक अन्य बुजुर्ग किसान 16 साल पुराने बैल को आश्रम में छोड़ने के 24 घंटे के भीतर वापस लेने लौट आए. उन्होंने कहा कि पशु से बिछड़ने के बाद वे खाना नहीं खा सके और अब किसी भी तरह उसका पालन करेंगे. आश्रम प्रबंधन के मुताबिक, किसान चाहें तो अपने बैल वापस ले सकते हैं.

संचालक के अनुसार, हाल में पहुंचे बैलों में करीब 15 प्रतिशत युवा हैं, जो खेती के काम में सक्षम हैं. दो युवा बैलों की जोड़ी की बाजार कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है. आश्रम में पशु उपचार की सुविधा और ऑपरेशन थिएटर होने का दावा किया गया है. प्रबंधन के अनुसार, महीने में कैंसर से जुड़े 25 से 30 ऑपरेशन किए जाते हैं और मौजूदा बैलों में करीब 20 प्रतिशत ऐसे मामलों से प्रभावित हैं.

जामनगर रोड पर खंढेरी के पास 30 विघा जमीन में 5,000 बैलों की क्षमता वाला नया आश्रम तैयार किया जा रहा है, जिसे 11 अक्टूबर से शुरू करने की योजना है. एक बैल पर रोजाना करीब 100 रुपये खर्च के हिसाब से कुल दैनिक खर्च लगभग 3.5 लाख रुपये बताया गया है. आश्रम का संचालन दान और चारे के सहयोग से होने की बात कही गई है.