राजकोट की किआन-एम एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के साथ 5.44 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, कपड़ा खरीदने वाले पक्ष ने कुल 8.97 करोड़ रुपये का फैब्रिक लिया, लेकिन 3.52 करोड़ रुपये का भुगतान करने के बाद 5,44,59,315 रुपये बकाया छोड़ दिया. इस मामले में आर्थिक अपराध निवारण शाखा ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है.
शिकायतकर्ता केनील भावेशभाई सरधारा के मुताबिक, दिसंबर 2024 में प्रेमचंद मितल ने कंपनी की सेल्स एक्सपोर्ट हेड तृषाबेन पटेल से संपर्क किया था. मितल ने कथित तौर पर कहा था कि उन्हें तृषाबेन का नंबर मेक्सिको से मिला है और वे कंपनी से फैब्रिक खरीदना चाहते हैं. इसके बाद कंपनी में मुलाकात हुई. फरवरी 2025 में दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फैब्रिकेशन संबंधी प्रदर्शनी में भी मितल ने कंपनी के स्टॉल का दौरा किया था.
शिकायत में कहा गया है कि वेरोसा एंटरप्राइजेज की अधिकृत प्रतिनिधि श्रुतीबेन भंडेरी के सकारात्मक संदर्भ के बाद कंपनी ने मितल को पहला ऑर्डर दिया. 28 जनवरी 2025 के ऑर्डर के तहत 13,200 मीटर साटिन डाइंग प्रिंट कपड़ा मंगाया गया. 22 फरवरी को 17,60,225 रुपये का माल एसटीएस ट्रांसलॉग सॉल्यूशंस एलएलपी के जरिए भेजा गया और भुगतान के भरोसे के लिए 30 दिन बाद की तारीख वाले चेक दिए गए.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआती कारोबारी लेन-देन में समय पर आंशिक भुगतान कर भरोसा बनाया गया. इसके बाद मितल ने कंपनी के साथ बातचीत के लिए कलपेश कापड़िया का नंबर दिया और धीरे-धीरे बड़ी मात्रा में कपड़ा मंगाया. 22 फरवरी से 29 सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग इनवॉइस के माध्यम से 8,97,04,605 रुपये का माल भेजे जाने का दावा किया गया है. इसके बदले 3,52,45,290 रुपये का भुगतान हिंदुस्तान को-ऑपरेटिव बैंक के जरिए किस्तों में किया गया.
शिकायत के अनुसार, बकाया भुगतान मांगने पर मितल ने कथित तौर पर इंडोनेशिया भेजे गए माल के खराब होने की बात कही. कंपनी का आरोप है कि माल निर्यात करने के बजाय उसे स्थानीय बाजार में बेच दिया गया. पुलिस ने दर्ज शिकायत के आधार पर लेन-देन, माल की आपूर्ति और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच शुरू की है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
