राजकोट शहर के भक्तिनगर सर्कल में 27 वर्षीय विमल वाणिया की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, विमल दलित समुदाय से थे और उन्होंने दूसरे समुदाय की शीतल से प्रेम विवाह किया था. इस मामले में विमल की मां भारतीबेन की शिकायत के आधार पर भक्तिनगर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.

एफआईआर में शीतल के भाई कमलेश उर्फ काना घांघल और उसके दो दोस्तों को हत्या का आरोपी बनाया गया है. पुलिस के मुताबिक, तीनों ने गुरुवार दोपहर करीब सवा दो बजे भक्तिनगर सर्कल के पास विमल पर हमला किया और इसके बाद दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए. पुलिस का कहना है कि चाकू से हमला होने के कुछ ही मिनटों में विमल की मौत हो गई.

शिकायत के अनुसार, घटना के समय विमल अपने दोस्त तृशाल अग्रावत के साथ थे. तृशाल ने करीब पौने तीन बजे विमल की मां को फोन कर हमले की जानकारी दी. एफआईआर में दर्ज विवरण के मुताबिक, कमलेश और एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे, जबकि तीसरा आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर आया. आरोप है कि पहले विमल के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की गई, फिर कमलेश ने चाकू से उन पर कई वार किए.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की हत्या और धमकी समेत अन्य धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून की धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस निरीक्षक जे.डी. परमार के अनुसार, घटना का रिकॉर्डिंग सर्कल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में हुआ है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर तीन हमलावरों में से एक की पहचान कमलेश के रूप में हुई है, जबकि बाकी दो की पहचान की जा रही है. तीनों आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, विमल और शीतल की मुलाकात मित्रों के जरिए हुई थी. करीब सात वर्ष पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध बना. शीतल के परिवार के विरोध के बाद दोनों घर से चले गए थे. पुलिस के अनुसार, शीतल के भाई ने उन्हें खोज लिया और शीतल को वापस ले गया. बाद में शीतल की शादी किसी अन्य युवक से कर दी गई, लेकिन उन्होंने उस विवाह को स्वीकार नहीं किया और संरक्षण गृह में रहने के बाद विमल से शादी कर ली.

पुलिस के अनुसार, विमल सीएनसी मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करते थे, जबकि कमलेश वाहन चालक था. घटना वाले दिन विमल अपनी पत्नी से वाहन की आरसी बुक लेने जाने की बात कहकर घर से निकले थे.

शीतल ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि विवाह के बाद उनके भाई ने उन्हें और विमल को धमकियां दी थीं. उन्होंने अपने पति की हत्या के मामले में आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की. शीतल ने बताया कि 11 महीने पहले उनके बेटे का जन्म हुआ था.

कमलेश उर्फ काना घांघल या उसके वकील का पक्ष तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच और तलाश जारी रखी है.