राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 16 सितंबर की सुबह इंडिगो की दिल्ली-राजकोट-दिल्ली उड़ान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद 140 यात्रियों को विमान से उतार दिया गया. विमान सुबह 7:55 बजे राजकोट पहुंचा था और यात्रियों के बैठने के बाद पायलट के संज्ञान में यह समस्या आई. सुरक्षा कारणों से सभी यात्रियों को विमान से नीचे उतारा गया.

अचानक विमान से उतारे जाने के फैसले से यात्रियों में नाराजगी फैल गई. इनमें वे यात्री भी शामिल थे, जिन्हें दिल्ली से आगे दूसरी उड़ान पकड़नी थी. कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने की आशंका के चलते कुछ यात्रियों ने वैकल्पिक उड़ान की मांग की और एयरपोर्ट पर विरोध दर्ज कराया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयरलाइन ने कनेक्टिंग फ्लाइट वाले कुछ यात्रियों को मुंबई के रास्ते दिल्ली भेजने की व्यवस्था की. वहीं, कुछ यात्री टैक्सी से अहमदाबाद एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, ताकि वहां से अपनी आगे की यात्रा पूरी कर सकें.

तकनीकी टीम ने की मरम्मत

इंडिगो की तकनीकी टीम ने विमान की जांच और मरम्मत का काम शुरू किया. खामी दूर करने के बाद विमान को उड़ान के लिए फिट घोषित किया गया. इसके बाद यात्रियों को दोबारा विमान में बैठाया गया.

उड़ान सुबह 11:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई. इस तरह दिल्ली जाने वाले यात्रियों को निर्धारित समय की तुलना में करीब साढ़े तीन घंटे की देरी का सामना करना पड़ा. देरी के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग उड़ानों और आगे की यात्रा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े.