गुजरात के राजकोट में जंगलेश्वर क्षेत्र में हुई डिमोलिशन कार्रवाई के खर्चों में कथित अनियमितताओं को लेकर नगर निगम ने एक अधिकारी को निलंबित कर दिया है. दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नगर निगम आयुक्त तुषार सुमेरा ने सांस्कृतिक विकास विभाग के प्रबंधक कौशिक उनवा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया. उनके खिलाफ बिलों में गड़बड़ी और निगरानी में लापरवाही से जुड़े आरोपों की जांच होगी.

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयेश वकानी और सेंट्रल वर्कशॉप के डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जे. एल. शिंगाला के खिलाफ भी विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं. जांच में भोजन व्यवस्था, कर्मचारियों के परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं से जुड़े खर्चों में प्रक्रियागत खामियों तथा बजट से अधिक भुगतान के बिंदु सामने आए हैं.

जंगलेश्वर में फरवरी में हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने कथित अवैध निर्माण हटाए थे. बाद में भोजन, पानी, मंडप, बिजली, वीडियोग्राफी और वाहन सेवाओं के बिलों को लेकर सवाल उठे. निगम ने संदिग्ध भुगतानों की समीक्षा और संबंधित एजेंसियों से अतिरिक्त राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है. विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.