राजकोट की 26 वर्षीय डॉली वडालिया को लंबे दस्तावेजी विवाद के बाद भारतीय पासपोर्ट मिल गया है. डॉली का जन्म 18 फरवरी 2000 को मोजाम्बिक के शाई-शाई में हुआ था. परिवार के अनुसार, उष्णकटिबंधीय चक्रवात के बाद आई बाढ़ के दौरान उनके माता-पिता उन्हें नवजात अवस्था में भारत ले आए थे. उस समय उनकी उम्र करीब 18 से 20 दिन थी. परिवार बाद में राजकोट में बस गया.

डॉली की नागरिकता और पासपोर्ट का मामला 2023 में उनकी शादी के बाद गंभीर समस्या बन गया. उनके पति खिलनकुमार वडालिया कनाडा में नौकरी करते हैं और पासपोर्ट न होने के कारण दंपती को अलग रहना पड़ा. 2023 और 2025 में किए गए उनके तीन पासपोर्ट आवेदन दस्तावेज पूरे न होने के कारण खारिज किए गए. अधिकारियों ने आपातकालीन प्रमाणपत्र रद्द होने या जन्म के कांसुलर पंजीकरण का प्रमाण मांगा था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार ने मामले को लोकसभा सांसद रमेश धड़ुक और पुरुषोत्तम रूपाला के समक्ष उठाया. इसके बाद प्रकरण राजकोट कलेक्ट्रेट, गांधीनगर सचिवालय, गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय तक पहुंचा. परिवार के मुताबिक, आधार कार्ड होने के बावजूद वह भारतीय पासपोर्ट के लिए नागरिकता का पर्याप्त प्रमाण नहीं माना गया.

30 अप्रैल को गुजरात हाईकोर्ट की एकल पीठ ने कहा था कि डॉली के माता-पिता ने जन्म पंजीकरण की अनिवार्य प्रक्रिया पूरी नहीं की थी. अदालत ने संबंधित नागरिकता कानून की धाराओं के आधार पर उन्हें जन्म या वंश के आधार पर भारतीय नागरिक नहीं माना और नागरिकता के लिए आवेदन करने की सलाह दी.

बाद में मोजाम्बिक स्थित भारतीय दूतावास और गृह मंत्रालय ने पृष्ठभूमि जांच व सत्यापन के बाद एक ज्ञापन जारी किया. इसके आधार पर नवंबर में मापुटो स्थित भारतीय उच्चायोग में डॉली का जन्म पंजीकृत किया गया. इसी प्रमाणपत्र के आधार पर उन्हें 11 नवंबर को भारतीय पासपोर्ट मिला.