राजकोट के गांधी संग्रहालय परिसर में आगंतुकों को आकर्षित करने के लिए नई सुविधाएं जोड़ने और मौजूदा व्यावसायिक गतिविधियों के किराये में बदलाव की तैयारी की जा रही है. राजकोट महानगरपालिका ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है. प्रस्ताव के तहत चर्खा रेस्टोरेंट को अधिक जगह और अतिरिक्त सुविधाएं दी जाएंगी. उसका मासिक किराया 55 हजार रुपये से बढ़ाकर 80 हजार रुपये से अधिक करने की योजना है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संग्रहालय के रखरखाव पर सालाना करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होते हैं, जबकि इससे होने वाली आय 6.60 लाख रुपये बताई गई है. परिसर में आने वाले कुछ पर्यटक संग्रहालय देखने के बजाय चर्खा रेस्टोरेंट में भोजन करने के बाद लौट जाते हैं. इसी के साथ संग्रहालय में आगंतुकों की संख्या में कमी का भी उल्लेख किया गया है.

परिसर में प्रस्तावित नई सुविधाएं

महानगरपालिका बच्चों के लिए सुरक्षित गेम ज़ोन शुरू करने की योजना बना रही है. इसके लिए प्रस्तावित मासिक किराया 30 हजार रुपये है. बंद पड़े एटीएम की जगह अमूल डेयरी पार्लर का आउटलेट शुरू किया जाएगा, जिसका मासिक किराया 15 हजार रुपये तय किया गया है.

संग्रहालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल का इस्तेमाल बुकफेयर, बैठकों और अन्य कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा. संचालक एजेंसी को महीने में कम से कम पांच कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है और एक दिन का किराया 5 हजार रुपये रखने की अनुमति प्रस्तावित है.

महात्मा गांधी के जीवन से जुड़ी जानकारी को अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए मुफ्त लेजर शो की अवधि और संख्या बढ़ाने की तैयारी भी है. वर्तमान में करीब 20 मिनट का शो आयोजित किया जाता है. संग्रहालय में 3D प्रोजेक्शन, ऑगमेंटेड रियलिटी, मल्टीमीडिया थिएटर और एनीमेशन जैसी तकनीकों का उपयोग किया गया है. प्रस्ताव के मुताबिक संचालक एजेंसी को संचालन और रखरखाव के साथ महानगरपालिका को हर महीने 2 लाख रुपये देने होंगे.