गुजरात के राजकोट जिले में जेतपुर के पास सोमवार, 23 नवंबर की रात ट्रेन की चपेट में आने से दो एशियाई शेरनियों की मौत हो गई. हादसा वावडी और खीरसरा रेलवे स्टेशनों के बीच भावनगर-पोरबंदर ब्रॉडगेज लाइन पर हुआ.

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों शेरनियां रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं. उनकी उम्र करीब 2 से 3 वर्ष बताई गई है. ट्रेन संख्या 59560 के गुजरने के दौरान दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. यह इस रेलखंड पर शेरों की ऐसी पहली घातक घटना बताई गई है.

रेलवे पुलिस और जेतपुर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू की गई है.

अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में करीब 5 से 7 शेरों की स्थायी मौजूदगी है और आसपास के इलाकों से भी शेरों की आवाजाही होती है. घटना के बाद वन विभाग ने इस मार्ग पर निगरानी और ट्रैकिंग बढ़ाने की बात कही है.

यह गुजरात में करीब 10 दिनों के भीतर ट्रेन से शेरनी की मौत की दूसरी घटना है. इससे पहले 14 नवंबर को जूनागढ़ जिले में एक शेरनी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी.