गुजरात के राजकोट में ग्रीनलैंड चौक स्थित McDonald’s आउटलेट के डाइनिंग एरिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में दो चूहे टेबल और ग्राहकों के बैठने वाली जगह के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद राजकोट नगर निगम के खाद्य विभाग ने आउटलेट का निरीक्षण किया. नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयेश वाकाणी के अनुसार, वीडियो में दिख रहा हिस्सा पार्टी एरिया था, जो कांच की पार्टिशन से अलग है. अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रसोई में साफ-सफाई से जुड़ी बड़ी समस्या नहीं मिली, लेकिन डाइनिंग एरिया में हाइजीन संबंधी कमी पाई गई.
कार्रवाई के तहत आउटलेट संचालक Hard Castle Restaurant Pvt. Ltd. पर ₹3,000 का प्रशासनिक जुर्माना लगाया गया. विभाग ने toned milk और strawberry fruit crush के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है.
नगर निगम की व्यापक जांच में 53 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने करीब 65 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री नष्ट की, 18 प्रतिष्ठानों को नोटिस दिए और कुल ₹17,000 प्रशासनिक शुल्क वसूला.
