राजकोट में नगर निगम आयुक्त तुषार सुमेरा ने देर रात बुलेट से शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया. उन्होंने सोरठिया वाडी सर्कल से भक्तिनगर तक मुख्य मार्गों, हॉकर्स जोन और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान सड़कों के किनारे कचरा जमा होने, गंदगी रोकने की व्यवस्था और हॉकर्स जोन में कचरे के उचित निपटान की स्थिति देखी गई. जिन व्यापारियों के आसपास गंदगी मिली, उनसे मौके पर ही सफाई कराई गई. आयुक्त ने व्यापारियों और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों से स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई.
सुमेरा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से मौके पर चर्चा कर सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर नियमित निगरानी रखने और हॉकर्स जोन के दुकानदारों को अपने कारोबार के आसपास का क्षेत्र साफ रखने तथा कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने को कहा.
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया. जागरूक नागरिकों ने ‘स्वच्छता संकल्प पत्र’ भरकर अपने घर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने का संकल्प लिया. उन्होंने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को भी कचरा नहीं फैलाने के लिए प्रेरित करने की बात कही.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त एक कराओके कार्यक्रम में भी पहुंचे. उन्होंने वहां पुराने गीत सुने और कार्यक्रम में मौजूद समूह के सदस्यों तथा लोगों से स्वच्छता की शपथ दिलाई.
