राजकोट में नवरात्रि उत्सव के दौरान लाउडस्पीकर और अन्य वाद्ययंत्रों के इस्तेमाल को लेकर पुलिस आयुक्त ब्रजेश कुमार झा ने सार्वजनिक आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार, 11 से 20 अक्टूबर तक रात 12 बजे के बाद शहर में लाउडस्पीकर या अन्य वाद्ययंत्र बजाने पर रोक रहेगी.
6 से 10 अक्टूबर तक माइक्रोफोन और वाद्ययंत्रों के इस्तेमाल की अनुमति सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रहेगी. वहीं, नवरात्रि के दिनों में इन्हें सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक बजाया जा सकेगा. आदेश का उद्देश्य उत्सव के दौरान शांति बनाए रखना और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना है.
सार्वजनिक और बंद स्थानों के लिए अलग नियम
सार्वजनिक स्थानों या ऐसे स्थलों पर, जहां से आवाज आम लोगों तक पहुंचती हो, माइक्रोफोन सिस्टम लगाने के लिए अधिकृत अधिकारी की लिखित अनुमति लेनी होगी. ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस हॉल या निजी मकान जैसे बंद स्थानों में होने वाले धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए अलग अनुमति आवश्यक नहीं होगी. हालांकि, आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि बंद परिसर का संगीत बाहर सुनाई न दे.
आदेश में पूर्व अनुमति के बिना सार्वजनिक स्थान या सड़क पर चार से अधिक लोगों के इकट्ठा होने, सभा करने या जुलूस निकालने पर भी रोक लगाई गई है. सभा, रैली या धरने के लिए संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारी से कम से कम सात दिन पहले लिखित अनुमति लेनी होगी. एक से अधिक पुलिस थाना क्षेत्रों से जुड़े कार्यक्रम के लिए संबंधित डीसीपी और एक थाना क्षेत्र के कार्यक्रम के लिए संबंधित पुलिस निरीक्षक से अनुमति जरूरी होगी.
समय सीमा, ध्वनि की तीव्रता या अन्य नियमों का उल्लंघन होने पर पुलिस वाहन, माइक्रोफोन सिस्टम और संबंधित उपकरण जब्त कर सकती है. पुलिस हेड कांस्टेबल और उससे वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है.
