राजकोट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष आयोजन किया गया. गणपति महोत्सव के पंडाल में ‘आशीर्वाद का दीवड़ा’ कार्यक्रम के दौरान लोगों ने हाथों में जलते दीये लेकर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देशसेवा के प्रयासों की सफलता के लिए सामूहिक प्रार्थना की.

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में राजकोट के अलग-अलग हिस्सों से हजारों नागरिक शामिल हुए. गणपति की महाआरती के बाद रेसकोर्स ग्राउंड से बहुमंजिला भवन चौक तक मानव शृंखला बनाई गई. रेसकोर्स रिंग रोड पर लोगों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर और दीये लेकर हिस्सा लिया. रात में दीयों से बनी यह शृंखला आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही.

आयोजन में शामिल लोगों ने इसे प्रधानमंत्री के प्रति आभार, सम्मान और समर्थन की अभिव्यक्ति बताया. कार्यक्रम के दौरान मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल रहा.

18 वार्डों में रक्तदान शिविर

राजकोट शहर भाजपा अध्यक्ष माधव दवे के मुताबिक, पार्टी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाने का फैसला किया है. इसके तहत प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

दवे ने बताया कि अभियान के पहले दिन शहर के सभी 18 वार्डों और मंडलों में रक्तदान शिविर लगाए गए. सेवा पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य सामाजिक गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के जरिए सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने तथा उनसे संवाद करने की बात भी कही गई है.