गुजरात के राजकोट में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार Innova की चपेट में आए 17 वर्षीय भाविन चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसा 22 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे Oscar Villa और D-Mart के पास हुआ था.

पुलिस के अनुसार, भाविन दोस्तों के साथ फोटोशूट के लिए घर से निकला था. सड़क पार करते वक्त SUV ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. हादसे की जानकारी परिवार को तब मिली, जब भाविन के फोन पर कॉल करने पर एंबुलेंस के एक कर्मचारी ने घटना के बारे में बताया.

भाविन को पहले Civil Hospital ले जाया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर के पिछले हिस्से में रक्तस्राव की पुष्टि की. करीब तीन दिन तक गंभीर हालत में रहने के बाद 25 नवंबर को उसकी मौत हो गई.

भाविन के पिता धर्मेंद्रभाई चौहान ने Innova चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. हादसा CCTV में रिकॉर्ड हुआ है. पुलिस निरीक्षक जीआर चौहान ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है.