राजकोट महानगरपालिका में लंबे अंतराल के बाद वार्ड समितियों को फिर सक्रिय किया गया है. गुजरात प्रोविंशियल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (GPMC) अधिनियम के तहत लागू समितियों को अब स्टैंडिंग कमिटी की प्रक्रिया से जोड़ा गया है. इसके तहत वार्ड स्तर पर नागरिकों और पार्षदों की ओर से रखे जाने वाले प्राथमिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव सीधे स्टैंडिंग कमिटी के सामने मंजूरी के लिए भेजे जाएंगे.

नई व्यवस्था के अनुसार, हर महीने की 1 से 18 तारीख के बीच संबंधित वार्ड कार्यालय में बैठक होगी. इन बैठकों की कार्यवाही स्टैंडिंग कमिटी के सामने प्रस्तुत की जाएगी. हालिया बैठक में वार्ड 5, 8, 10, 11, 12, 13, 15, 17 और 18 से जुड़े प्रस्तावों पर विचार कर उन्हें मंजूरी दी गई.

स्वीकृत प्रस्तावों में सड़क, सीवर, पानी, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अतिक्रमण हटाने से जुड़े काम शामिल हैं. वार्ड 5 में आरसीसी और पेवर ब्लॉक के काम, वार्ड 8 में यातायात और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दे, वार्ड 10 में नई मुख्य वार्ड कार्यालय इमारत और पाइपलाइन का प्रस्ताव रखा गया. वार्ड 11 में पानी और नाले की दीवार, जबकि वार्ड 12 में nuisance points और अवैध निर्माण से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई. वार्ड 13 में लाइब्रेरी और सर्कल विकास तथा वार्ड 18 में पुल चौड़ा करने और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से संबंधित प्रस्ताव शामिल रहे.

18 वार्डों में संपत्ति रिकॉर्ड का सर्वे

मनपा की टैक्स शाखा ने शहर के सभी 18 वार्डों में संपत्तियों का रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए एक निजी एजेंसी को सर्वे का काम सौंपा है. सर्वे 28 सितंबर से घर-घर जाकर शुरू किया जाएगा. एजेंसी की टीमें मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए संपत्ति की जियो-टैगिंग, पता, संपत्ति मालिक का मोबाइल नंबर और पानी के कनेक्शन से जुड़ी जानकारी अपडेट करेंगी.

मनपा के अनुसार, सर्वेयर को मनपा की मुहर और QR कोड वाला विशेष पहचान-पत्र दिया जाएगा. नागरिक QR कोड स्कैन करने के अलावा मनपा की वेबसाइट से भी कर्मचारी की पहचान की पुष्टि कर सकेंगे.

मनपा ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए है. सर्वेयर को संपत्ति कर वसूलने या कर-आकलन बदलने का अधिकार नहीं होगा. नागरिकों से बैंक विवरण, OTP या किसी भी तरह का वित्तीय लेन-देन नहीं करने को कहा गया है. बिना पहचान-पत्र वाले व्यक्ति को घर में प्रवेश न देने और संदेह होने पर हेल्पलाइन नंबर 155304 पर संपर्क करने की अपील की गई है.