राजकोट में पानी की कमी के बीच महानगरपालिका ने अवैध पानी चोरी और बर्बादी के खिलाफ शहर के सभी 18 वार्डों में विशेष जांच दल गठित किए हैं. टीमें पानी की सप्लाई के दौरान घर-घर जाकर सीधे पंपिंग, इलेक्ट्रिक मोटर के इस्तेमाल और अवैध नल कनेक्शन की जांच करेंगी.

नगरपालिका आयुक्त तुषार सुमेरा के निर्देश पर अलग-अलग शाखाओं के मैनेजरों को टीम लीडर बनाया गया है. टीमों में डिप्टी इंजीनियर, वार्ड अधिकारी, वॉटर वर्क्स शाखा के सहायक इंजीनियर, अतिरिक्त सहायक इंजीनियर, वर्क असिस्टेंट और फिटर शामिल होंगे. जांच में पारदर्शिता के लिए संबंधित वार्ड के बजाय दूसरे वार्ड के डिप्टी इंजीनियर को भी टीम में शामिल किया गया है.

इलेक्ट्रिक मोटर लगाने पर जुर्माना

पहली बार इलेक्ट्रिक मोटर लगाकर सीधे पानी खींचते पकड़े जाने पर मोटर जब्त कर ₹2,000 का जुर्माना लगाया जाएगा. चार दिन के भीतर जुर्माना जमा नहीं करने पर नल कनेक्शन काट दिया जाएगा. जुर्माना भरने के बाद भी 30 दिन में जब्त मोटर नहीं ले जाने पर महानगरपालिका उसे कबाड़ में बेच सकेगी.

दूसरी बार उसी व्यक्ति के पानी चोरी करते पकड़े जाने पर मोटर वापस नहीं की जाएगी, नल कनेक्शन स्थायी रूप से काट दिया जाएगा और संबंधित धाराओं के तहत पुलिस शिकायत दर्ज की जाएगी.

अवैध या ‘भूतिया’ नल कनेक्शन पहली बार मिलने पर उसे नियमित कराने का अवसर दिया जाएगा. नियमितीकरण नहीं कराने के बाद उसी स्थान पर दोबारा कनेक्शन मिलने पर ₹5,000 का जुर्माना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान तथा पानी चोरी के संबंध में पुलिस शिकायत की जाएगी. पानी की सामान्य बर्बादी पर ₹250 का जुर्माना तय किया गया है.

आयुक्त के अनुसार, अधिकारी मौके पर पानी की गुणवत्ता जांचने वाली किट भी रखेंगे. वाल्व के समय तय किए जाएंगे और वाल्वमैन या किसी अन्य कर्मचारी की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी.