गुजरात के राजकोट में एक निर्माणाधीन साइट पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपनी बहन से कथित छेड़छाड़ को लेकर युवक पर हमला किया और बाद में घटना को हादसा या आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की.
यह मामला रेलनगर क्षेत्र में साधुवासवाणी कुंज रोड स्थित श्री बंगलोज के पास की निर्माणाधीन साइट का है. पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे वहां रहने वाली मध्य प्रदेश मूल की एक युवती खाना बना रही थी. आरोप है कि मजदूरी करने वाले दुखीश्याम बाग ने उसका हाथ पकड़ लिया. युवती के शोर मचाने पर उसके भाई पिंजु केवनभाई भूरिया और अजित केवनभाई भूरिया तथा चचेरे भाई राजेश कैलासभाई भूरिया वहां पहुंचे.
पुलिस का कहना है कि विवाद के बाद दुखीश्याम दूसरी मंजिल की छत पर चला गया, जहां तीनों आरोपियों ने उसका पीछा किया. आरोप है कि राजेश ने फावड़े के लकड़ी के हत्थे से उस पर वार किया और तीनों ने मारपीट की. इसके बाद अजित और राजेश ने उसे पकड़े रखा, जबकि पिंजु ने सेंटिंग में इस्तेमाल होने वाले लोहे के तार से उसका गला दबाया. गंभीर चोटों और दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जांच के अनुसार, तीनों आरोपी बाद में नीचे आ गए और रात करीब एक बजे फिर छत पर गए. पुलिस का आरोप है कि उन्होंने शव को उठाकर दूसरी मंजिल से नीचे दीवार के बाहर फेंक दिया, ताकि मामला ऊंचाई से गिरने का लगे.
पुलिस ने पिंजु, अजित और राजेश को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है. आरोपियों को रिमांड पर लेकर पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
