गुजरात हाई कोर्ट ने पत्रकार रवि नायर को जेल भेजे जाने के बाद शनिवार शाम राज्य सरकार को नोटिस जारी किया. मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी. नायर को अडानी एंटरप्राइजेज से जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में गांधीनगर जिला अदालत के आदेश के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
मंसा की JMFC अदालत ने फरवरी 2026 में नायर को दोषी ठहराते हुए एक साल की सजा और 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया था. नायर ने इस फैसले के खिलाफ अपील की थी. जिला अदालत ने 9 मार्च को सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दी थी, लेकिन सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने की शर्त रखी गई थी.
एक सुनवाई में उपस्थित न हो पाने पर नायर ने व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी थी. जिला अदालत ने यह आवेदन खारिज कर गैर-जमानती वारंट जारी किया. 17 सितंबर को वारंट रद्द कराने के लिए अदालत पहुंचे नायर की याचिका भी खारिज कर दी गई और उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया.
हाई कोर्ट में नायर के वकीलों ने दलील दी कि अदालत को पहले समन या जमानती वारंट जारी करना चाहिए था. न्यायमूर्ति एम.के. ठक्कर की पीठ ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है.
