अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका के विंछिया गांव में 10 वर्षीय बच्चे की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बच्चे का सिर घर में देवी की वेदी से पटक दिया और डंडे से भी वार किया.
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी की पत्नी विवाद के बाद अपने मायके चली गई थी और बच्चे को उसके पिता के पास छोड़ गई थी, क्योंकि बच्चे की परीक्षाएं चल रही थीं. रविवार रात पड़ोसी से घटना की जानकारी मिलने के बाद वह घर पहुंची, जहां बच्चा खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा मिला. आरोपी भी उसी चारपाई पर था और उसके कपड़ों पर खून लगा था.
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर बच्चे को देवी को अर्पित करने और परिवार में किसी अन्य व्यक्ति के ‘भुवा’ बनने से रोकने की बात कही. पुलिस के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है. बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.
