अहमदाबाद जिले के साणंद क्षेत्र में एक महीने के भीतर दूसरी बार तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. 15 सितंबर को बड़ी देवती गांव के पास तेंदुआ देखे जाने की जानकारी वन विभाग को दी गई. इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की.

गांव की सड़क के पास, ईंट भट्ठों से लगे जंगली इलाके में एक कुत्ते का शव भी मिला. स्थानीय लोगों ने वन विभाग को वहां पंजों के निशान दिखाई देने की सूचना दी थी. साणंद रेंज के RFO हरेशभाई देसाई के मुताबिक, मौके पर मिले फुटप्रिंट तेंदुए के होने की पूरी संभावना है.

वन विभाग ने लगाए पिंजरे

वन विभाग ने तेंदुए की तलाश के लिए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं. अधिकारी के अनुसार, बड़ी देवती गांव के पास पहले भी तेंदुए की मौजूदगी के निशान मिले थे. इस बार मिले निशान उसी क्षेत्र के आगे की तरफ पाए गए हैं, इसलिए तेंदुए के आसपास मौजूद होने की आशंका के आधार पर कार्रवाई की जा रही है.

इस साल जुलाई में अहमदाबाद के घुमा इलाके में भी तेंदुआ दिखाई देने की सूचना सामने आई थी. 19 जुलाई की देर रात उसके एक आवासीय परिसर में घुसने और वहां के कुत्तों के पीछे दौड़ने की बात कही गई थी. अगस्त में बड़ी देवती गांव के पास तेंदुए के फुटप्रिंट मिलने की सूचना के बाद भी वन विभाग ने पिंजरे लगाए थे.

राज्य के 2023 के वन्यजीव अनुमान के मुताबिक गुजरात में 2,294 तेंदुए दर्ज किए गए थे. अधिकारियों के अनुसार, राज्य में इनकी अनुमानित संख्या करीब 2,600 है.