गुजरात के गिर क्षेत्र में एशियाटिक सिंहों के दर्शन के लिए सासण और देवळिया सफारी पार्क 9 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं. सामान्य तौर पर मानसून के बाद जंगल सफारी 16 अक्टूबर के आसपास शुरू होती थी, लेकिन इस वर्ष इसकी शुरुआत एक सप्ताह पहले की गई है.

सासण और देवळिया सफारी में अंतर

सासण सफारी पार्क गिर नेशनल पार्क के मुख्य वन क्षेत्र में स्थित है. यहां खुले वाहन से जंगल के भीतर सफारी कराई जाती है, जहां पर्यटक सिंहों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देख सकते हैं. सासण सफारी के लिए गुजरात वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन परमिट लेना अनिवार्य बताया गया है.

देवळिया सफारी पार्क सासण से करीब 12 किलोमीटर दूर है. यह अपेक्षाकृत छोटे और सुरक्षित क्षेत्र में विकसित किया गया है. यहां मिनी बस और जीप सफारी के विकल्प उपलब्ध हैं, जिससे कम समय में वन्यजीव दर्शन किया जा सकता है. दोनों पार्कों में फोन और कैमरे से फोटो-वीडियोग्राफी की अनुमति होने की जानकारी दी गई है.

वर्तमान सीजन में सफारी का समय सुबह 6:30 से 9:30 बजे और दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक रखा गया है. वन विभाग ने पर्यटकों से परमिट केवल आधिकारिक वेबसाइट से बुक करने की अपील की है.

सासण-गिर कैसे पहुंचें

सड़क मार्ग से सासण पहुंचने के लिए जेतपुर या सोमनाथ से मेंदरडा होकर आने का रास्ता बताया गया है. सोमनाथ-भावनगर मार्ग से तालाला होकर भी पहुंचा जा सकता है. तालाला, मेंदरडा और विसावदर नजदीकी बस केंद्र हैं.

सासण गिर रेलवे स्टेशन जुनागढ़ और वेरावल से जुड़ा है. नजदीकी हवाई अड्डों में केशोद करीब 40 किलोमीटर, दीव करीब 90 किलोमीटर और राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट करीब 200 किलोमीटर दूर बताया गया है.

सफारी के दौरान हल्के, प्राकृतिक रंगों के कपड़े, पूरे पैर ढकने वाले जूते, धूल से बचने के लिए स्कार्फ और धूप से बचाव के लिए टोपी या सनग्लास रखने की सलाह दी गई है. सिंह वाहन के पास आ जाए तो पर्यटकों को वाहन से नीचे नहीं उतरना चाहिए और वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करना चाहिए.