गुजरात के सासण-गीर का इको-टूरिज्म जोन मानसून के बाद 9 अक्टूबर 2026 से पर्यटकों के लिए फिर खोल दिया गया. सफारी शुरू होते ही जंगल में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी और पहले दिन यात्रियों ने एशियाई सिंहों के दीदार किए. अधिकारियों ने जीप्सियों को हरी झंडी दिखाकर सफारी का शुभारंभ किया.

आमतौर पर गीर नेशनल पार्क और अभयारण्य को मानसून के दौरान 16 जून से 15 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाता है. इस अवधि में वन्यजीवों को प्रजनन और शांत वातावरण देने पर जोर रहता है. इस बार सफारी 15 अक्टूबर से पहले, 9 अक्टूबर को ही शुरू कर दी गई.

जंगल में बारिश के बाद हरियाली बढ़ गई है. पक्षियों की आवाज और प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. वन विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन परमिट बुकिंग पहले ही शुरू कर दी थी. पर्यटक निर्धारित स्लॉट और परमिट लेकर सफारी में शामिल हो रहे हैं.

मोरबी से आईं एक पर्यटक ने बताया कि पहले दिन की सफारी के दौरान उन्हें रास्ते में करीब आठ से 10 सिंह दिखाई दिए. उनके अनुसार, इनमें शावक, नर, मादा और युवा सिंह शामिल थे. उन्होंने गाइड, ड्राइवर और सफारी रूट की व्यवस्था को संतोषजनक बताया.

एक अन्य पर्यटक ने बताया कि उन्हें सुबह की पहली सफारी में शावकों समेत करीब 12 से 13 सिंह दिखाई दिए. उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर या वीडियो में सिंह देखने और प्राकृतिक जंगल में उन्हें सामने देखने का अनुभव अलग है. पर्यटकों ने सिंह संरक्षण और जंगल में प्लास्टिक या प्रदूषण नहीं फैलाने की जरूरत पर भी जोर दिया.