गुजरात के भरूच जिले के वागरा तालुका स्थित सायखा GIDC की सिन्जील फार्माकेम कंपनी में रात के समय जोरदार विस्फोट हुआ. भरूच की एसडीएम मनीषा मानाणी के अनुसार, हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान हुआ. धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब 15 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. कंपनी से लगभग 200 मीटर दूर खड़े ट्रैक्टर का टायर भी फट गया. आसपास की औद्योगिक इकाइयों के ढांचे में कंपन महसूस होने की बात सामने आई है.
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. गैस रिसाव की आशंका और आंखों में जलन की शिकायत के बीच लोग मौके से दूर भागने लगे. सूचना मिलते ही भरूच एसडीएम, वागरा पुलिस, मामलतदार, दमकल और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
घायलों की कुल संख्या और संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन अभी सामने नहीं आया है. विस्फोट का सटीक कारण और संभावित गैस रिसाव की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी. हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में कामगारों की सुरक्षा और खतरनाक प्रक्रियाओं की निगरानी पर सवाल खड़े किए हैं.
