गुजरात सरकार ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने यह फैसला फ्लाईदुबई की उड़ान में उनके साहस और सूझबूझ के लिए घोषित किया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मच्छार दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में तैनात थे. उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कथित तौर पर उन पर चाकू से हमला किया. घायल होने के बावजूद मच्छार ने स्थिति को संभालने में अहम भूमिका निभाई और विमान में सवार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद की.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में 174 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे. घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया. मच्छार का सऊदी अरब में इलाज चल रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पायलट के साहसिक कदम से गुजरात और भारत का गौरव बढ़ा है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सोमनाथ मंदिर में विशेष प्रार्थना भी आयोजित की गई.
