गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के प्रभास पाटण में सोम​​नाथ मंदिर के आसपास प्रस्तावित सोम​​नाथ कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण और खाली कराने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर के आसपास 35,000 वर्ग मीटर भूमि अधिग्रहित की है. यह कार्रवाई 11 महीने में पूरी की गई.

प्रशासन के मुताबिक, परियोजना के लिए चिन्हित 505 संपत्तियों में से 500 का अधिग्रहण कर कब्जा लिया जा चुका है. इनमें व्यावसायिक प्रतिष्ठान, आवासीय मकान और खाली भूखंड शामिल हैं. शेष पांच संपत्तियों का अधिग्रहण उनके मालिकों के उपलब्ध नहीं होने या दूसरे शहरों में रहने के कारण लंबित बताया गया है.

होटल, दुकान और आवास प्रभावित

अधिग्रहण के दायरे में 72 होटल और 433 दुकानें व आवासीय मकान आए हैं. मलबा हटाने के लिए 10 से अधिक जेसीबी, हिताची खुदाई मशीनें और 50 ट्रैक्टर लगाए गए. परियोजना का उद्देश्य मंदिर के आसपास के क्षेत्र का पुनर्विकास करना और दूर से मंदिर के शिखर का स्पष्ट दृश्य उपलब्ध कराना है. इसे काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जाने की योजना बताई गई है.

प्रभावित कारोबारों के पुनर्स्थापन के लिए टाउन प्लानिंग योजनाओं के तहत मंजूरियों को प्राथमिकता दी जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार, 75 होटलों में से 45 को दोबारा संचालन के लिए आधिकारिक अनुमति दी जा चुकी है. प्रभावित लोगों को वैकल्पिक भूखंड दिए जाने की बात भी कही गई है.

मुआवजे और पुनर्वास का दावा

प्रशासन के अनुसार, संपत्ति मालिकों को मुआवजा अहमदाबाद और गांधीनगर में लागू भूमि मूल्यांकन दरों के आधार पर दिया गया. मंदिर क्षेत्र में प्रभावित संपत्तियों के लिए भुगतान गिर सोमनाथ की आधिकारिक जंत्री दर से 10 गुना अधिक होने का दावा किया गया है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि कारोबारियों को परियोजना शुरू होने तक दुकानें और होटल चलाने की अनुमति दी गई. मानसून तथा श्रावण, नवरात्रि और दिवाली जैसे प्रमुख मौसमों में विस्थापन और तोड़फोड़ रोकी गई, ताकि स्थानीय कारोबार प्रभावित न हों. प्रशासन ने इस प्रक्रिया को स्थानीय आजीविका और पुनर्वास को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाने की बात कही है.