गुजरात के सोमनाथ में मांसाहारी भोजन की बिक्री और भंडारण पर राज्य सरकार के स्थायी प्रतिबंध को छह नॉनवेज रेस्टोरेंट मालिकों ने गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी है. मामले पर 16 अक्टूबर को आगे सुनवाई होनी है.

याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील असरार मंसूरी ने दलील दी कि अगस्त में जारी सरकारी अधिसूचना संविधान के अनुच्छेद 19(1)(g) के तहत मिले व्यापार और आजीविका के अधिकारों का उल्लंघन करती है. उनका आरोप है कि अधिकारियों ने बिना उचित कारण कानूनी कारोबार करने से रोका और होटल मालिकों को लगातार परेशान किया.

सरकार की ओर से कहा गया कि यह प्रतिबंध सोमनाथ मंदिर की 500 मीटर की परिधि समेत छह निर्धारित क्षेत्रों में तीर्थयात्रियों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर लगाया गया है. सरकार के अनुसार, याचिकाकर्ताओं की दुकानें और रेस्टोरेंट मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित हैं, जहां श्रद्धालुओं को मांसाहारी खाद्य पदार्थ दिखाई देते हैं.

याचिकाकर्ताओं के अनुसार, 7 अक्टूबर को मामले की पहली सुनवाई के दौरान मामलतदार ने छह रेस्टोरेंट मालिकों से पुलिस चौकी में भविष्य में केवल शाकाहारी कारोबार करने संबंधी हस्ताक्षरित स्वीकारोक्ति ले ली. हाईकोर्ट ने इस पर सरकार से सवाल किया कि सुनवाई वाले दिन ही यह हस्ताक्षर क्यों लिए गए. अदालत ने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा है.