गुजरात हाईकोर्ट ने सोमनाथ मंदिर के आसपास नॉनवेज खाना बनाने और बेचने पर लगाई गई सरकारी रोक रद्द कर दी है. अदालत ने राज्य सरकार की उस मांग को भी खारिज कर दिया, जिसमें फैसले पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया था. फैसले के बाद फिलहाल प्रतिबंध प्रभावी नहीं है.

जस्टिस निशा एम. ठाकोर की बेंच ने कहा कि कलेक्टर ने गुजरात पुलिस एक्ट की धारा 33(1)(w) के तहत मिली शक्तियों से आगे जाकर वैध व्यापार पर स्थायी रोक लगाई. अदालत ने इस कार्रवाई को असंवैधानिक माना. राज्य सरकार इस फैसले को डिवीजन बेंच या सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकती है.

सात रेस्टोरेंट मालिकों ने दायर की थी याचिका

सोमनाथ के सात रेस्टोरेंट मालिकों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर प्रतिबंध को चुनौती दी थी. उनका कहना था कि वे 20 से 25 वर्षों से लाइसेंस के साथ कारोबार कर रहे हैं और नए आदेश के कारण उन्हें कारोबार बंद करना पड़ा. याचिकाकर्ताओं ने इसे संविधान के अनुच्छेद 19(1)(g) के तहत व्यापार करने के मौलिक अधिकार का उल्लंघन बताया.

सरकार की ओर से दलील दी गई कि दुकानों को पूरी तरह बंद नहीं कराया जा रहा, बल्कि उन्हें सिर्फ शाकाहारी भोजन बेचने को कहा गया है. सरकार ने सोमनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और हरिद्वार, ऋषिकेश, अमृतसर, मथुरा-वृंदावन तथा अयोध्या में लागू प्रतिबंधों का भी हवाला दिया.

अगस्त 2026 के नोटिफिकेशन में मंदिर के 500 मीटर दायरे और छह प्रमुख रास्तों पर रोक लगाई गई थी. यह प्रतिबंध 2006, 2018 और 2019 के आदेशों के बाद क्षेत्र विस्तार की चौथी कार्रवाई थी. 2026 के आदेश में त्रिवेणी संगम, भालका तीर्थ और सोमनाथ कॉरिडोर के बाद बने नए रास्तों को भी शामिल किया गया था.