गुजरात हाईकोर्ट की खंडपीठ ने सोमनाथ मंदिर के आसपास गैर-शाकाहारी भोजन की बिक्री पर प्रतिबंध हटाने वाले एकल पीठ के आदेश पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही गिर-सोमनाथ के जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी अधिसूचना फिलहाल लागू रहेगी.
30 अक्टूबर को न्यायमूर्ति निशा ठाकोर की एकल पीठ ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए प्रतिबंध को रद्द किया था. याचिकाकर्ताओं ने दलील दी थी कि पूर्ण प्रतिबंध उनके वैध कारोबार करने के मौलिक अधिकार को प्रभावित करता है.
इसके कुछ ही घंटों बाद गुजरात सरकार ने तत्काल अपील दायर की. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनश रंजन पाठक और न्यायमूर्ति निरजार देसाई की खंडपीठ ने विशेष सुनवाई में एकल पीठ के आदेश पर रोक लगाई.
जिला मजिस्ट्रेट की 10 अगस्त की अधिसूचना में सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर दायरे और कुछ निर्धारित सार्वजनिक मार्गों पर मांस, मछली तथा अन्य नॉनवेज व्यंजनों की तैयारी, बिक्री और भंडारण पर रोक लगाई गई थी. राज्य सरकार ने धार्मिक भावनाओं और दीपावली के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ का हवाला दिया. मामला अब आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है.
