दक्षिण गुजरात में नवरात्रि के दौरान गरबा खेलने वालों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था तैयार की है. रेंज IG प्रेमवीर सिंह ने बताया कि वलसाड समेत क्षेत्र के गरबा स्थलों पर पुलिस का बंदोबस्त रहेगा.

पुलिस के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी. भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. सुरक्षा व्यवस्था में SHE टीमें, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और पेट्रोलिंग टीमें भी शामिल होंगी.

महिलाओं की सहायता के लिए 112 हेल्पलाइन शुरू की गई है. रात में गरबा खेलकर लौटते समय यदि किसी महिला को वाहन संबंधी परेशानी होती है, तो वह 112 पर संपर्क कर सकती है. पुलिस के अनुसार, जरूरत पड़ने पर पुलिस वैन सहायता पहुंचाकर उन्हें सुरक्षित घर तक छोड़ने में मदद करेगी.

पुलिस ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को परेशानी होने पर 112 नंबर या स्थानीय पुलिस से संपर्क किया जा सकता है. गुजरात पुलिस ने लोगों से सुरक्षित तरीके से नवरात्रि मनाने की अपील की है.