सूरत के उधना इलाके में 25 साल पहले पेट्रोल पंप मैनेजर की हत्या और लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच की प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच (PCB) ने झारखंड से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 47 वर्षीय मि‌थिलेश मैनेजरसींग भूमिहार के रूप में हुई है. उस पर ₹20,000 का इनाम घोषित था और वह सूरत पुलिस आयुक्त की टॉप-16 वांछित आरोपियों की सूची में शामिल था.

पुलिस के मुताबिक, तकनीकी निगरानी और सूचना के आधार पर आरोपी के झारखंड के पलामू जिले के पांकी ब्लॉक स्थित पीपराहट थाना क्षेत्र के सीरम गांव में छिपे होने का पता चला. यह इलाका नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील बताया गया है. पुलिस का दावा है कि स्थानीय स्तर पर पहचान उजागर होने और जोखिम बढ़ने से बचने के लिए टीम ने डाकिये का भेष बनाया.

अधिकारियों के अनुसार, टीम डाक का थैला लेकर स्थानीय लोगों से पते की जानकारी पूछते हुए आरोपी के घर तक पहुंची. इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया. कार्रवाई PCB के पुलिस निरीक्षक आर.एस. सुवेरा के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक हसमुखभाई और हेड कॉन्स्टेबल अशोकभाई ने की.

2001 की वारदात में मैनेजर की मौत का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 2001 में अपने साथियों के साथ उधना गांव के पुराने पेट्रोल पंप पर हथियारों के साथ लूट करने की बात कही. पुलिस का दावा है कि वारदात के दौरान गोलीबारी में पेट्रोल पंप मैनेजर की मौत हो गई थी. इसके बाद आरोपी सूरत से फरार हो गया और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उधना और लिंबायत थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और पहले दर्ज दुष्कर्म समेत अन्य मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उधना पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है.

सूरत PCB के अनुसार, पिछले साढ़े तीन वर्षों में 10 साल से अधिक समय से फरार हत्या, लूट और डकैती के 56 आरोपियों को पकड़ा गया है. इनमें 16 इनामी आरोपी शामिल हैं.