सूरत महानगरपालिका क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के पालन को लेकर 10 दिन तक विशेष जांच अभियान चलाया गया. स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी टीमों ने शहर के अलग-अलग जोन में करीब 720 होटल-रेस्तरां की जांच की. गंभीर कमियां मिलने पर 294 इकाइयों को नोटिस जारी किए गए और कुल ₹10,30,500 का प्रशासनिक जुर्माना वसूला गया.
जांच के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के 232 नमूने लिए गए. स्वास्थ्य के लिए जोखिम वाली 549.90 किलोग्राम सामग्री मौके पर ही नष्ट की गई. टीमों ने रेस्तरां परिसर की साफ-सफाई, किचन इंफ्रास्ट्रक्चर, खाना पकाने में इस्तेमाल पानी, कच्चे माल की गुणवत्ता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की. कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, कचरा प्रबंधन और ड्रेनेज व्यवस्था को भी जांच के दायरे में रखा गया.
जोनवार कार्रवाई
वराछा ए और बी जोन में 164 जांच के दौरान 124.6 किलोग्राम सामग्री नष्ट की गई और ₹1.86 लाख का जुर्माना लगाया गया. लिंबायत में 41 नोटिस जारी कर सबसे अधिक ₹2.84 लाख जुर्माना वसूला गया. उधना में 177 जांच के साथ 109.7 किलोग्राम, कतारगाम में 88.6 किलोग्राम, सेंट्रल में 71 किलोग्राम, रांदेर में 33 किलोग्राम और अठवा में 27.5 किलोग्राम सामग्री नष्ट की गई.
सेंट्रल जोन में ₹1.24 लाख, कतारगाम में ₹1.65 लाख, उधना में ₹1.04 लाख, अठवा में ₹84,900 और रांदेर में ₹80,000 का जुर्माना लगाया गया.
किचन का लाइव प्रसारण अनिवार्य
महानगरपालिका के निर्देश के अनुसार रेस्तरां के किचन का लाइव प्रसारण ग्राहकों के बैठने वाले क्षेत्र में दिखाना अनिवार्य है. जांच के समय 95 रेस्तरां में यह व्यवस्था चालू मिली. जिन प्रतिष्ठानों में CCTV नहीं लगा है, उन्हें सात दिन के भीतर कैमरे लगाकर डाइनिंग एरिया में लाइव प्रसारण शुरू करने का निर्देश दिया गया है. तय समय में अनुपालन न होने पर सीलिंग समेत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
नवरात्रि के दौरान पार्टी प्लॉट, हॉल, मंदिर परिसर और बड़े मैदानों में लगने वाले खाद्य स्टॉल संचालकों के लिए अस्थायी फूड सेफ्टी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है. कर्मचारियों को दस्ताने, एप्रन, टोपी और मास्क पहनना होगा. नियमों के उल्लंघन पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
