गुजरात के सूरत स्थित अलथाण की एक सोसायटी में 9 वर्षीय बच्चे की पिटाई का मामला सामने आया है. शिकायत के मुताबिक, बच्चा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बिल्डिंग के किड्स जोन में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान उसकी स्माइली बॉल सोसायटी में रहने वाले एक व्यक्ति की बेटी को लग गई.

परिवार का आरोप है कि इस बात से नाराज व्यक्ति ने बच्चे को गाली दी और 5-6 थप्पड़ मारे. थप्पड़ लगने से बच्चा फर्श पर गिर गया. शिकायत के अनुसार, बच्चे ने कान पकड़कर माफी भी मांगी, लेकिन इसके बाद उसे 2-3 थप्पड़ और मारे गए.

रात में बिगड़ी बच्चे की तबीयत

बच्चे की मां, जो साइंस कॉलेज में प्रोफेसर हैं, ने शिकायत में बताया कि घर लौटने के बाद बच्चा सिसकियों के साथ रो रहा था. उसके गाल सूजे हुए थे और वह डर के कारण कांप रहा था. परिवार ने सोसायटी के अन्य बच्चों से घटना के बारे में पूछा और किड्स जोन के सामने लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी.

परिवार के मुताबिक, रात में बच्चे की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद सुबह उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. शिकायत में बच्चे के कान में चोट लगने की बात भी कही गई है.

मामले में अलथाण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(आर) के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस ने मामले की जांच एच डिवीजन के ACP जेडआर देसाई को सौंपी है. आरोपों की जांच जारी है.