सूरत-उधना और अमरावती के बीच चल रही त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस को दैनिक करने की मांग उठी है. यात्रियों ने सप्ताह में तीन दिन इस सेवा का विस्तार वलसाड तक करने का भी अनुरोध किया है. उनका कहना है कि दक्षिण गुजरात में रहने वाले महाराष्ट्रियन परिवारों के लिए यह ट्रेन उपयोगी साबित हो रही है, लेकिन सीमित परिचालन के कारण उन्हें पूरी सुविधा नहीं मिल पा रही है.

नवसारी के सामाजिक कार्यकर्ता इब्राहिम सैयद ने रेलवे प्रशासन से इस संबंध में मांग रखी है. यात्रियों के अनुसार, वलसाड, वापी, दमन और नवसारी क्षेत्र से भुसावल के आगे विदर्भ जाने के लिए सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है. ऐसे यात्रियों को पहले सूरत या उधना पहुंचना पड़ता है. खानदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ के कारण आगे की यात्रा मुश्किल होने का दावा किया गया है.

किन यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद

मांग पूरी होने पर वलसाड, वापी, नवसारी और दमन-दादरा नगर हवेली क्षेत्र के यात्रियों को सूरत तक जाने की जरूरत कम हो सकती है. अकोला, बडनेरा, भुसावल और अमरावती जाने वाले यात्रियों को भी कनेक्टिंग ट्रेनों पर निर्भरता घटने की उम्मीद है.

यात्रियों का कहना है कि दैनिक सेवा और वलसाड तक विस्तार से सूरत-उधना पर दबाव कम होगा, कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और रेलवे की आय में वृद्धि हो सकती है. रेलवे प्रशासन से इस मांग पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है.