गुजरात के सूरत और भावनगर में एनाटॉमी विभाग से जुड़े दो चिकित्सकों की मौत के मामलों को लेकर राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. सूरत की नई सिविल अस्पताल में एनाटॉमी विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर की मौत हुई, जबकि भावनगर में इसी विभाग के एक प्रोफेसर की मौत का मामला सामने आया है.

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने दोनों घटनाओं पर दुख जताते हुए कहा कि मामलों की जांच निष्पक्ष और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जाएगी. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

मंत्री के अनुसार, सूरत के मृत डॉक्टर का नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराया गया है. शुरुआती स्तर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के पीछे की वजह आधिकारिक रूप से पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक निष्कर्ष आने के बाद ही स्पष्ट होगी. इसके बाद नियमों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

राज्य सरकार ने जांच स्वास्थ्य विभाग को सौंपी है. स्वास्थ्य विभाग के सचिव, वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम को घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं.

जांच में यह भी देखा जाएगा कि कहीं मानसिक दबाव, शैक्षणिक या अस्पताल से जुड़ा कार्यभार अथवा कोई निजी कारण तो इन घटनाओं से संबंधित नहीं था. मंत्री ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

भावनगर के मामले में बताया गया है कि एनाटॉमी विभाग के प्रोफेसर अपने फ्लैट में अकेले रहते थे. उनकी मौत के कारणों की पुष्टि भी पोस्टमॉर्टम और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.