गुजरात हाईकोर्ट ने सूरत में भगवान गौतम बुद्ध की छवि वाली साड़ियों और कपड़ों की बिक्री से जुड़े मामले में एक टेक्सटाइल व्यापारी के खिलाफ दर्ज शिकायत और उससे संबंधित कानूनी कार्रवाई रद्द कर दी है. अदालत ने कहा कि किसी धार्मिक प्रतीक या भगवान की छवि वाले कपड़े का सामान्य रूप से बेचा जाना अपने आप में दुर्भावनापूर्ण इरादा साबित नहीं करता.
यह मामला सूरत के सलाबतपुरा पुलिस थाने में दर्ज शिकायत से जुड़ा था. समस्त युवा आंबेडकरी समाज के अध्यक्ष कुणाल सोनवणे ने 19 दिसंबर 2017 को शिकायत दी थी. आरोप था कि टेक्सटाइल बाजार में भगवान बुद्ध की छवि वाली साड़ियां और कपड़े बेचे जा रहे थे. शिकायत में कहा गया था कि कुछ साड़ियों के पल्लू या निचले हिस्से पर छपी छवियां ऐसी जगह थीं, जहां वे पैरों के पास आ सकती थीं. इससे बौद्ध समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया गया था.
पुलिस ने 21 दिसंबर 2017 को चार व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. इनमें वणकर टेक्सटाइल मार्केट के भरत हरजीभाई शंकर भी शामिल थे. भरत शंकर ने अपने खिलाफ दर्ज शिकायत रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया. उनके वकील ने दलील दी कि व्यापारी का किसी धर्म का अपमान करने या धार्मिक भावनाएं आहत करने का कोई जानबूझकर किया गया इरादा नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि कारोबारी प्रतिस्पर्धा के कारण दबाव बनाने के लिए झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई.
अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 295A से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रावधान के तहत अपराध के लिए जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण मंशा का होना जरूरी है. हाईकोर्ट के अनुसार, रिकॉर्ड में मौजूद तस्वीरों और पुलिस रिपोर्ट से व्यापारी की ओर से किसी धर्म का अपमान करने का ऐसा इरादा साबित नहीं होता. इसलिए अदालत ने भरत शंकर के खिलाफ इस मामले से जुड़ी सभी कानूनी कार्यवाहियां रद्द कर दीं.
