सूरत में बन रहे बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) द्वारा तैयार किए जा रहे इस स्टेशन को हीरे की थीम पर डिजाइन किया गया है. स्टेशन की वास्तुकला में आधुनिक तकनीक और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है.

तीन स्तरों पर यात्रियों के लिए सुविधाएं

तीन मंजिला स्टेशन के ग्राउंड लेवल पर पार्किंग और पिक-ड्रॉप की सुविधा प्रस्तावित है. कॉनकोर्स लेवल पर टिकट काउंटर, वेटिंग लाउंज और दुकानें होंगी. प्लेटफॉर्म लेवल तक पहुंचने के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं. इससे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए आवाजाही आसान बनाने का प्रयास किया गया है.

स्टेशन परिसर में बिजनेस-क्लास लाउंज, बच्चों की देखभाल के लिए नर्सरी, आधुनिक शौचालय और रिटेल आउटलेट तैयार किए जा रहे हैं. यात्रियों को दिशा और यात्रा संबंधी जानकारी देने के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, साइनबोर्ड, इन्फॉर्मेशन कियोस्क और स्मार्ट पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए जा रहे हैं.

पर्यावरण और कनेक्टिविटी पर भी ध्यान

स्टेशन की छत और दीवारों में रोशनदान दिए जा रहे हैं, ताकि दिन में प्राकृतिक रोशनी और हवा का इस्तेमाल हो सके. परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पौधारोपण की व्यवस्था भी की जा रही है.

लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के लिए स्टेशन को शहर के अन्य परिवहन साधनों से जोड़ने की योजना है. इसके पास प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन, BRTS बस स्टॉप, ऑटो और टैक्सी स्टैंड की सुविधा होगी. सूरत-बिलिमोरा खंड पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई (OHE) शुरू होने के बाद इस मार्ग पर बुलेट ट्रेन के ट्रायल की उम्मीद जताई जा रही है.