सूरत में छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस वर्ष शहर और जिले में करीब 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं के पूजा में शामिल होने की संभावना जताई गई है. सूरत महानगरपालिका और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से करीब 18 से 20 स्थानों पर कृत्रिम तालाबों, घाटों और नदी-नहर किनारे व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
डिंडोली स्थित छठ पूजा तालाब पर कुछ लोगों ने पूजा के लिए जगह पहले से घेरनी शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों द्वारा घाट की पाल पर नाम और मोबाइल नंबर लिखे जाने की बात सामने आई है. हालांकि, बिहार समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संस्था की ओर से किसी तरह का स्थान आरक्षण नहीं किया गया है. उनके अनुसार, कुछ लोग अपनी सुविधा के लिए ऐसा कर रहे हैं और सभी श्रद्धालुओं के लिए जगह उपलब्ध रहेगी.
अंबिका निकेतन के पीछे तापी नदी किनारे और शहर के अन्य कृत्रिम तालाबों पर भी पूजा की तैयारियां चल रही हैं. आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष नए व्रती इस आयोजन से जुड़ रहे हैं.
उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन की मांग
दिवाली और छठ के दौरान सूरत से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. इस वजह से सूरत रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ होने की आशंका है. बिहार-झारखंड समाज ने रेलवे से उत्तर भारत के लिए स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है.
बिहार झारखंड समाज ट्रस्ट के फाउंडर प्रेसिडेंट अजय चौधरी के अनुसार, कई यात्री 12 से 24 घंटे तक स्टेशन पर कतार में खड़े रहते हैं. उन्होंने स्पेशल ट्रेन वाले दिनों में यात्रियों के लिए छायादार मंडप और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने की भी अपील की है.
