गुजरात के सूरत जिले में टीकाकरण के बाद पांच बच्चों को पैरासिटामोल की जगह गलती से डायबिटीज की दवा दिए जाने का मामला सामने आया है. दवा लेने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ICU/PICU में भर्ती कराया गया. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई गई है.

यह घटना 23 सितंबर को पलसाणा तहसील के कणाव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पलसाणा-01 सब सेंटर पर आयोजित ‘ममता दिवस’ के दौरान हुई. यहां कुल सात बच्चों का टीकाकरण किया गया था. टीकाकरण के बाद पांच बच्चों को पैरासिटामोल किड टैबलेट दी जानी थी, लेकिन उन्हें गलती से ग्लिमेपिराइड 2 एमजी की गोली दे दी गई. ग्लिमेपिराइड डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवा है.

गलत दवा दिए जाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी और 24 सितंबर को पांचों को ICU/PICU में भर्ती कराया गया. प्रभावित बच्चों की उम्र करीब साढ़े तीन महीने से एक साल के बीच बताई गई है.

स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ वर्कर को निलंबित किया

स्वास्थ्य विभाग ने मामले में महिला हेल्थ वर्कर इंदुबेन रतिलाल चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की है. सूरत जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश के तहत उन्हें निलंबित किया गया है. निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय डांगरापाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उमरपाड़ा तालुका में तय किया गया है.

आदेश के मुताबिक, वह बिना अनुमति निजी नौकरी या कारोबार नहीं कर सकेंगी और मुख्यालय भी नहीं छोड़ सकेंगी. उन्हें हर महीने संबंधित तालुका स्वास्थ्य अधिकारी के सामने आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा. विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं. उनके मुताबिक, इलाज के बाद बच्चों की स्थिति में सुधार है और उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है.