सूरत पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में 37 वर्षीय अल्ताफ उर्फ अल्ताफ मेमन हबीबभाई पीठड़िया को उधना दरवाजा चार रास्ते के पास से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वह अहमदाबाद क्राइम ब्रांच में दर्ज मामले में वांछित था और उसे मुख्य आरोपियों में बताया गया है. आरोपी मूल रूप से भावनगर जिले के तलाजा तालुका के सेळावदर गांव का रहने वाला है. वह सूरत के उन इलाके में रहकर कबाड़ दलाली करता था.

मामला अहमदाबाद के 88 वर्षीय वरिष्ठ डॉक्टर से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई से 22 अगस्त 2025 के बीच आरोपी और उसके साथियों ने डॉक्टर को WhatsApp कॉल किए. आरोपियों ने खुद को मुंबई के प्रवर्तन निदेशालय और मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और डॉक्टर के बैंक खाते में जेट एयरवेज से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ₹5 लाख जमा होने का दावा किया.

आरोपियों ने कथित तौर पर डॉक्टर को 40 दिन के कस्टडी रिमांड और गिरफ्तारी की धमकी दी. उन्हें परिवार या वकील से बात न करने को कहा गया और वीडियो कॉल के जरिए अदालत में पेश होने का दबाव बनाया गया. पुलिस के अनुसार, ठगों ने वित्त मंत्रालय और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के नाम की कथित फर्जी मुहर वाले पत्र तथा डॉक्टर के नाम का फर्जी Canara Bank डेबिट कार्ड भी भेजा.

सात RTGS लेनदेन में रकम ट्रांसफर

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने डॉक्टर के डीमैट खाते में मौजूद शेयर बिकवाए. इसके बाद 1 से 12 अगस्त 2025 के बीच जांच और सत्यापन के नाम पर सात RTGS लेनदेन कराकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹8,05,50,000 ट्रांसफर करवाए गए. रकम मिलने के बाद आरोपियों ने डॉक्टर से संपर्क बंद कर दिया.

पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम साइबर क्राइम वेस्ट थाने में दर्ज शिकायत संख्या 38/2025 में भी आरोपी पर एक अन्य बुजुर्ग डॉक्टर से ₹3.03 करोड़ की कथित ठगी का उल्लेख है. अहमदाबाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66C व 66D के तहत मामला दर्ज है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर फरार साथियों और कथित हवाला नेटवर्क की जांच कर रही है.