सूरत के चर्चित डिंकी भुजवाला हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाए और करीब तीन दशक से फरार चल रहे आरोपी प्रमोद खदाल स्वाई को क्राइम ब्रांच ने ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 56 वर्षीय स्वाई वहां पहचान छिपाकर कबाड़ का कारोबार कर रहा था.
1994 में हुई थी हत्या
मामला 14 जून 1994 का है. उपलब्ध पुलिस विवरण के मुताबिक, कराटे ब्लैक बेल्ट चैंपियन डिंकी उर्फ होसेंदर भुजवाला अपने दोस्त राकेश राणा के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे. नाणावाट स्थित चामुंडा डेयरी के पास उनकी मोटरसाइकिल रोककर हमला किया गया. इस मामले में कराटे कारोबार से जुड़ी प्रतिस्पर्धा और पुरानी रंजिश को वजह बताया गया था.
पुलिस ने कावस खरास, महेश दीक्षित, शैलेश बोडीवाला, दिलीप वांकावाला और प्रमोद स्वाई के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया था. वर्ष 1995 में सूरत सेशन कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी. इसके बाद उन्हें वडोदरा सेंट्रल जेल भेजा गया.
पत्नी के इलाज के लिए मिली थी अंतरिम जमानत
मई 1997 में स्वाई को पत्नी के इलाज के लिए गुजरात हाई कोर्ट से 15 दिन की अंतरिम जमानत मिली थी. उसे 4 जून 1997 को वडोदरा जेल में वापस रिपोर्ट करना था, लेकिन वह नहीं लौटा. उसके खिलाफ जेल से फरारी के संबंध में प्रिजन्स एक्ट के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया था.
क्राइम ब्रांच को उसके राउरकेला में छिपे होने की सूचना मिली थी. विशेष टीम ओडिशा पहुंची और दो दिन तक स्थानीय इलाके में निगरानी रखी. पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
