सूरत में 10 दिवसीय गणेशोत्सव के बाद महानगरपालिका ने पूजा में चढ़ाए गए फूल-हार और अन्य निर्माल्य को कचरे में जाने से बचाने की पहल की है. शहर के पंडालों और कृत्रिम विसर्जन तालाबों से 43,000 किलोग्राम से अधिक निर्माल्य एकत्र कर महानगरपालिका के वर्मी कंपोस्ट प्लांट भेजा गया है.
इस वर्ष सूरत में करीब एक लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की जानकारी दी गई है. निर्माल्य संग्रह के लिए महानगरपालिका ने अलग-अलग जोन और वार्ड स्तर पर व्यवस्था की थी. संग्रहित सामग्री को सीधे खाद में नहीं बदला जाएगा.
पहले होगा कचरे का अलगाव
प्लांट में पहुंचने के बाद फूल-हार और पूजा सामग्री की छंटाई की जाएगी. इस दौरान प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें, मूर्तियों के अवशेष और अन्य गैर-जैविक वस्तुओं को अलग किया जाएगा. इसके बाद बचे हुए साफ ग्रीन वेस्ट को गोबर के साथ मिलाकर प्री-कंपोस्टिंग की प्रक्रिया से गुजारा जाएगा.
प्री-कंपोस्टिंग के बाद मिश्रण को वर्मी कंपोस्टिंग के लिए तैयार किया जाएगा. इसमें केंचुओं की मदद से जैविक सामग्री को खाद में बदला जाएगा. महानगरपालिका के वर्मी कंपोस्ट प्लांट के प्रभारी एन.सी. पटेल के अनुसार, पूरी प्रक्रिया में लगभग 70 दिन लगेंगे.
महानगरपालिका का अनुमान है कि छंटाई के बाद बचने वाले शुद्ध ग्रीन वेस्ट से करीब 30 प्रतिशत खाद प्राप्त होगी. तैयार जैविक खाद का इस्तेमाल सूरत के विभिन्न बगीचों और सड़कों के डिवाइडरों पर लगे पेड़-पौधों के पोषण के लिए किया जाएगा. इस पहल से पूजा सामग्री के निस्तारण के साथ शहर के हरित क्षेत्रों के लिए खाद की जरूरत भी पूरी करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
