सूरत में गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए बनाए गए 21 कृत्रिम तालाबों और तीन ओवरों पर कुल 71,938 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. यह व्यवस्था राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की मार्गदर्शिका के अनुरूप की गई थी.

सूरत महानगरपालिका ने तापी नदी और अन्य प्राकृतिक जलाशयों में प्रतिमा विसर्जन पर पूरी तरह रोक लगाई थी. 25 सितंबर को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक कृत्रिम तालाबों तथा मगदल्ला, डुमस और हजीरा ओवारा पर 62,519 प्रतिमाओं का विसर्जन दर्ज किया गया.

इसके अलावा, 14 से 24 सितंबर के बीच हुए गौरी-गणेश विसर्जन में 9,419 प्रतिमाएं शामिल थीं. इस तरह 14 सितंबर से 25 सितंबर की शाम 6 बजे तक शहर में कुल 71,938 प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा हुआ. कृत्रिम तालाबों से एकत्र मूर्तियों को अंतिम विसर्जन के लिए हजीरा स्थित AM/NS जेटी भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई.

नगर निगम के सभी जोन, पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर सेल, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों ने व्यवस्था संभाली. पुलिस ने विसर्जन मार्गों, प्राकृतिक जलाशयों और कृत्रिम तालाबों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी.

नगर निगम के UCD विभाग की DAY-NULM और D-JAY(S) योजनाओं के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने प्रतिमाओं पर चढ़ाए गए आभूषण और वस्त्र स्वीकार किए. इन सामग्रियों के पुनःउपयोग से रोजगार सृजन का उद्देश्य रखा गया है. विसर्जन के बाद सफाईकर्मियों ने रात में विशेष सफाई अभियान चलाकर मार्गों को साफ किया.