सूरत के सरसाणा में 4 अक्टूबर को एक दिवसीय राज्यस्तरीय आयुर्वेद सम्मेलन ‘GCAU वंदे आयुकॉन-3’ आयोजित किया जाएगा. चैंबर ऑफ कॉमर्स और गुजरात काउंसिल ऑफ आयुर्वेदिक एंड यूनानी सिस्टम्स ऑफ मेडिसिन की ओर से होने वाली इस परिषद में दक्षिण गुजरात के 1200 से अधिक आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. कार्यक्रम सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा.

गुजरात आयुर्वेद काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. जिज्ञेश पटेल के अनुसार, सम्मेलन का उद्घाटन दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है. इसमें केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया के उपस्थित रहने की बात कही गई है.

विशेषज्ञों के संबोधन और CME सत्र

सम्मेलन में आयुर्वेद और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े कई विशेषज्ञ भाग लेंगे. इनमें आयुष मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले National Commission for Indian System of Medicine (NCISM) के Board of Ethics and Registration के अध्यक्ष डॉ. सुश्रुत कनौजिया, NCISM के Medical Assessment and Rating Board (MARBISM) के अध्यक्ष डॉ. मुकुल पटेल, गुजरात के आयुष निदेशक डॉ. जयेश परमार और गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मानसी देशपांडे शामिल हैं.

चैंबर के उपाध्यक्ष रवि राज देसाई ने बताया कि चिकित्सकों के क्लिनिकल ज्ञान को बढ़ाने के लिए विशेष Continuing Medical Education (CME) सत्र रखे गए हैं. इन सत्रों में देशभर के आयुर्वेद विशेषज्ञ आधुनिक शोध, उन्नत निदान और जटिल रोगों के आयुर्वेदिक उपचार से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे.

चैंबर के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने आयुर्वेद को भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और वैश्विक स्तर पर भारतीय ‘सॉफ्ट पावर’ का हिस्सा बताया.