सूरत में बीमा पॉलिसियों की रकम वापस दिलाने का झांसा देकर एक नागरिक से 1,50,33,004 रुपये की कथित साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि यह धोखाधड़ी वर्ष 2018 से 2026 के बीच अलग-अलग चरणों में की गई.

पुलिस के मुताबिक, सुुमिता पाल नाम की महिला ने वर्ष 2018 में शिकायतकर्ता को भरोसे में लेकर करीब 15 बीमा पॉलिसियां करवाने में भूमिका निभाई. इसके बाद पियुष रवजीभाई देसाई ने खुद को बीमा लोकपाल कार्यालय का सेक्शन ऑफिसर और राजीव शुक्ला ने नई दिल्ली स्थित बीमा लोकपाल कार्यालय का जॉइंट सेक्रेटरी बताकर शिकायतकर्ता से संपर्क किया. आरोपियों ने इन पॉलिसियों की पूरी रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया.

फर्जी चेक और सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल

शिकायत के अनुसार, भरोसा कायम करने के लिए आरोपियों ने SBI के अतुल चौधरी नामक व्यक्ति के कथित फर्जी हस्ताक्षर वाले सात चेक भेजे. इसके अलावा NPCI और बीमा लोकपाल के नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर व मुहर वाले लेटरपैड तथा GST विभाग की कथित नकली नोटिसें भी WhatsApp और डाक के जरिए भेजी गईं.

पुलिस के अनुसार, इन दस्तावेजों के आधार पर प्रोसेसिंग, क्लियरेंस और अन्य शुल्क के नाम पर रकम मांगी गई. शिकायतकर्ता से SBI, Canara Bank, Indian Bank और Airtel Payments Bank के चार खातों में कुल 1,50,33,004 रुपये ट्रांसफर कराए जाने का आरोप है.

लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने साइबर सेल से संपर्क किया. पुलिस निरीक्षक वी. डी. मंडोरा ने सुुमिता पाल, पियुष देसाई, राजीव शुक्ला और विभिन्न बैंक खाताधारकों के खिलाफ BNS तथा IT Act की धाराओं में मामला दर्ज किया है. जांच एजेंसी बैंक लेनदेन और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों तथा कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.