सूरत में 35 से अधिक मामलों में वांछित बताए जा रहे जयेश उर्फ बारकु पाटील को पुलिस की गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना बुढ़ाणा गांव के पास उस समय हुई, जब क्राइम ब्रांच की टीम उसे लाजपोर जेल से पूछताछ के लिए ला रही थी.
सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया के मुताबिक, टीम ने अदालत से ट्रांसफर वारंट लेने के बाद आरोपी को जेल से हिरासत में लिया था. रास्ते में जयेश पाटील ने उल्टी, घुटन और पेशाब की जरूरत बताकर वाहन रुकवाने को कहा. पुलिस का दावा है कि वाहन रुकने के बाद उसने PSI शैलेश दुबे की सर्विस पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, हथियार को लेकर हुई झड़प के दौरान गोली चली और आरोपी के पैर में चोट लगी. इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उसका इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है. घटना को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू किए जाने की बात कही गई है.
किन मामलों में पूछताछ होनी थी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जयेश पाटील से कथित अवैध हथियारों के मामलों में पूछताछ की जानी थी. यह कार्रवाई भाजपा युवा नेता जय दलाल की हत्या की जांच के दौरान सामने आए कथित हथियार नेटवर्क से जुड़ी बताई गई है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में सागर सोनवणे उर्फ मणिया डुक्कर से पूछताछ के दौरान तीन अवैध हथियारों को छिपाने और सप्लाई करने की जानकारी मिली थी. इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जयेश पाटील के खिलाफ 35 से अधिक मामले दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और हथियारों के साथ लूट व डकैती के मामले शामिल बताए गए हैं. इन आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा.
