सूरत के 39 वर्षीय रमणिक सखवाला के रूस में लापता होने से उनका परिवार चिंतित है. परिवार के मुताबिक, रूसी सेना में शामिल होने के बाद पिछले चार महीने से रमणिक का कोई पता नहीं चल पाया है. उनकी पत्नी और 16 वर्षीय बेटा सरकार तथा भारतीय दूतावास से मदद की अपील कर रहे हैं.
रमणिक पहले सूरत की एक हीरा निर्माण इकाई के प्लानिंग विभाग में काम करते थे. हीरा उद्योग में काम कम होने के बाद वे बेहतर रोजगार की तलाश में 2025 में रूस गए थे. वे तीन महीने के बिजनेस वीजा पर रूस पहुंचे थे, जिसे बाद में एक साल के लिए बढ़ाया गया.
परिवार के अनुसार, रमणिक जून 2026 की शुरुआत में रूसी सेना से जुड़े थे. उन्होंने परिजनों को बताया था कि उन्हें युद्ध क्षेत्र में सैनिक के रूप में तैनात नहीं किया जाएगा, बल्कि सैन्यकर्मियों के लिए भोजन की आपूर्ति से जुड़ा काम करना होगा.
रमणिक ने 24 जून को पत्नी से आखिरी बार बात की थी. उन्होंने कहा था कि वे 10-15 दिनों तक संपर्क में नहीं रह पाएंगे. इसके बाद परिवार ने अधिकारियों से संपर्क किया. परिवार का दावा है कि विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने सहायता के लिए रूसी पक्ष से संपर्क करने की सलाह दी, क्योंकि रमणिक के पास रूसी पासपोर्ट होने की जानकारी दी गई थी.
