सूरत महानगरपालिका ने 2026 में जैन पर्यूषण, गणेश चतुर्थी, संवत्सरी और अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर में मांस, मछली और मटन की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है. इन तारीखों पर नगर निगम द्वारा संचालित सभी कत्लखाने भी बंद रहेंगे.

नगर निगम के अनुसार, यह फैसला स्थायी समिति के प्रस्ताव संख्या 1351/2026 और 24 जुलाई 2026 के निर्णय के आधार पर लिया गया है. आदेश का उद्देश्य धार्मिक भावनाओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बताया गया है.

किन तारीखों पर रहेगा प्रतिबंध

आदेश के मुताबिक श्वेतांबर जैन पर्यूषण पर्व के दौरान 8 से 13 सितंबर 2026 तक मांस, मछली और मटन से जुड़ी गतिविधियां बंद रहेंगी. इसके बाद 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी और 15 सितंबर को श्वेतांबर जैन संवत्सरी के दिन भी प्रतिबंध लागू रहेगा.

16 सितंबर 2026 को दिगंबर जैन पर्यूषण पर्व के पहले दिन भी यह रोक रहेगी. 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और दिगंबर जैन संवत्सरी के अवसर पर भी सूरत महानगरपालिका क्षेत्र में संबंधित दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया गया है.

जीवित पशु-पक्षियों की बिक्री पर भी रोक

नगर निगम ने इन निर्धारित दिनों में जीवित पशु-पक्षियों के वध और बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया है. आदेश सूरत महानगरपालिका की सीमा में मांस, मछली और मटन का कारोबार करने वाले लोगों तथा संस्थानों पर लागू होगा.

उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

महानगरपालिका ने संबंधित कारोबारियों और संस्थानों को आदेश का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा है. प्रतिबंधित तारीखों पर दुकान खोलने, बिक्री जारी रखने या अन्य उल्लंघन की स्थिति में गुजरात बॉम्बे प्रोविंशियल म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट और बॉम्बे पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.