गुजरात के सूरत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सूरत महानगरपालिका के वॉच एंड वार्ड विभाग में तैनात एक सिक्योरिटी ऑफिसर को कथित तौर पर ₹25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान शैलेष मणीलाल पारेख के रूप में हुई है. वह तापीपुरा स्थित कार्यालय में वर्ग-3 सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर तैनात था.
ACB के अनुसार, शिकायतकर्ता भी महानगरपालिका के इसी विभाग में काम करता है. उसकी पत्नी गर्भवती हैं और मेडिकल जांच के लिए उन्हें नियमित रूप से डॉक्टर या अस्पताल ले जाना पड़ता था. कर्मचारी ने इसी वजह से ड्यूटी के दौरान बाहर जाने की अनुमति और छुट्टी मांगी थी.
आरोप है कि शैलेष पारेख ने इसके बदले ₹25 हजार की मांग की. कथित तौर पर उससे कहा गया कि रकम देने के बाद उसे ड्यूटी के दौरान बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी. साथ ही उसकी गैरहाजिरी दर्ज नहीं की जाएगी और कोई मेमो जारी नहीं होगा.
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था. उसने मामले की जानकारी ACB को दी, जिसके बाद एजेंसी ने प्राथमिक जांच कर ट्रैप की योजना बनाई. 28 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच रकम को लेकर बातचीत हुई. ACB का कहना है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹25 हजार स्वीकार किए, जिसके तुरंत बाद टीम ने उसे पकड़ लिया.
कार्रवाई तापीपुरा स्थित महानगरपालिका के मुख्य कार्यालय में सिक्योरिटी ऑफिसर के चेंबर में की गई. एजेंसी के मुताबिक, आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद हुई है.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत कार्रवाई शुरू की गई है. सूरत ग्रामीण ACB पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर एस.डी. धोबी के नेतृत्व में ट्रैप ऑपरेशन किया गया. ACB अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले किसी अन्य कर्मचारी से इसी तरह रिश्वत मांगी थी. आरोपों की आगे की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया में होगी.
