गुजरात के सूरत शहर में 30,000 रुपये के लेन-देन को लेकर एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. कतारगाम पुलिस ने ओडिशा निवासी सचित्र कुमार नरेंद्र बाल को उसके सहकर्मी संजय की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है.

मामला 3 नवंबर की रात सामने आया, जब पुलिस कंट्रोल रूम को गोटलावाड़ी चौराहे के पास एक ईसाई कब्रिस्तान में सिर कटा और बिना कपड़ों का धड़ पड़े होने की सूचना मिली. पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस को मृतक का सिर घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर अलकापुरी पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास मिला. शव और सिर को पोस्टमॉर्टम तथा डीएनए जांच के लिए SMIMER अस्पताल भेजा गया है.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, संजय और बाल कतारगाम GIDC की एक लूम फैक्ट्री में काम करते थे. पुलिस का दावा है कि संजय पर बाल के 30,000 रुपये बकाया थे. इसी विवाद में आरोपी ने संजय को अपने घर बुलाया और धारदार हथियार से हमला किया. पुलिस मामले की पूरी कड़ी और घटनाक्रम की जांच कर रही है.