सूरत जिले में बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और POCSO कानून को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘नन्ही किलकारी’ अभियान शुरू किया गया है. अभियान की शुरुआत गुजरात हाईकोर्ट की न्यायाधीश और POCSO एक्ट निरीक्षण समिति की सदस्य जस्टिस गीता गोपी ने की. कार्यक्रम पीटी साइंस कॉलेज के तारामती हॉल में आयोजित हुआ.

यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सार्वजनिक एजुकेशन सोसाइटी और सूरत महानगरपालिका के संयुक्त सहयोग से शुरू की गई है. जस्टिस गीता गोपी ने कहा कि 18 से 24 वर्ष की उम्र के कई युवा अपरिपक्वता या प्रेम संबंधों के कारण कानूनी मामलों में फंस जाते हैं. उन्होंने बच्चों के शोषण और अपराधियों की मानसिकता पर वैज्ञानिक अध्ययन तथा सामाजिक जागरूकता की जरूरत बताई.

उन्होंने POCSO कानून की धाराओं 29 और 30 में बताए गए प्रावधानों तथा मामलों की कानूनी प्रक्रिया का उल्लेख किया. उनके अनुसार, संवेदनशील मामलों में कानून का सख्ती से पालन जरूरी है.

स्कूलों में ऑडियो-विजुअल माध्यम से जागरूकता

अभियान के तहत सूरत महानगरपालिका द्वारा संचालित स्कूलों में न्यायिक अधिकारी, रिसोर्स पर्सन और पैरालीगल वॉलंटियर्स बच्चों को आसान भाषा में POCSO कानून, ‘गुड टच-बैड टच’ और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की जानकारी देंगे. इसके लिए ऑडियो-विजुअल सामग्री और एनिमेटेड फिल्मों का इस्तेमाल किया जाएगा. पहला कार्यक्रम 3 अक्टूबर को लिंबायत की सुमन हाईस्कूल नंबर 7 में प्रस्तावित है.

सूरत के मुख्य जिला न्यायाधीश राहुल त्रिवेदी ने कहा कि केवल कानून के भरोसे बच्चों की पूरी सुरक्षा संभव नहीं है, समाज में जागरूकता भी जरूरी है. उन्होंने पुलिस थानों में चाइल्ड-फ्रेंडली कॉर्नर, वन स्टॉप सखी सेंटर का विस्तार और पीड़ितों के तेज पुनर्वास पर जोर दिया.

नगरपालिका आयुक्त राजकुमार बेनिवाल ने अभिभावकों से बच्चों की बात गंभीरता से सुनने और उन्हें दोषी न ठहराने की अपील की. किसी अप्रिय घटना की स्थिति में 112 या 24x7 चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने को कहा गया. कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा कानून के विद्यार्थी भी मौजूद रहे.